खंडवा। एक कॉटन से भरे गोदाम में आधी रात को आग लग गई थी। इसके बाद दमकलकर्मियों ने रात में ही आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में कपास भरा हुआ था। तेज गर्मी के बीच आग की ऊंचीदृऊंची लपटें उठ रही थी। इस कारण 18 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। मार्केटिंग कंपनी ने यह गोदाम किराये पर लिया था।
मौके पर खंडवा की तीन फायर ब्रिगेड, पंधाना की एक और छनेरा की एक फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने में लगी है। तीनों जगह की फायर ब्रिगेड से करीब 20 से ज्यादा राउंड का पानी हो चुका है। लेकिन अभी भी आग पर काबू नहीं पाया गया है। फिलहाल, आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से गोदाम में रखा कॉटन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। जिससे करीब 8 करोड रुपए से ज्यादा का नुकसान होना बताया जा रहा है।
मार्केटिंग कंपनी को किराये से दिया है गोदाम
गोदाम मालिक मेघराज जैन का कहना है कि हमने यह गोदाम स्टार एग्री कंपनी को किराए पर दिया हुआ है। जिन्होंने खंडवा सहित आसपास की जगह से किसानों का कपास व अन्य माल खरीदा है। जो इस गोदाम में भर रखा था। कल रात को हमारे वॉचमैन ने आग लगने की सूचना दी। जिसके बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे। स्टार एग्री कंपनी के अधिकारियों को भी सूचना की। फिलहाल अंदर आग बुझी नहीं है। आग बुझाने का प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।