मनोहर थाना। उपखंड स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने तहसील मंत्री नेमीचंद लोधा के नेतृत्व में किसानो की समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन दिया। भारतीय किसान संघ के जिला राजस्व प्रमुख राजेंद्र वर्मा ने बताया कि मनोहर थाना में नवीन कृषि उपज मंडी एक दशक से बनकर तैयार है लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी की वजह से उसे आज दिन तक चालू नहीं किया गया है जबकि भारतीय किसान संघ इसे चालू करवाने के लिए काफी लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। यदि पुराने मंडी को नवीन कृषि मंडी में ले जाया जाए और पुरानी कृषि मंडी में बस स्टैंड को सुचारू चालू किया जाए तो आए दिन बाजार में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल सकता है। तहसील उपाध्यक्ष बद्रीलाल लोधा ने बताया कि ग्राम पंचायत बनेठ के सागोनी जाने वाले कच्चे रास्ते में बरसात के दिनों कीचड़ रहनें से गांव से पढ़ने जाने वाले बच्चों को व आम जन काफी परेशान रहता हैं कच्चा रास्ता तीन से चार किलोमीटर लंबा है जिसमें चार खाल पड़ते हैं बरसात के दिनों में मार्ग अवरुद्ध हो जाता हैं । सागोनी गांव के लोग काफी लंबे समय से पक्की सड़क की मांग करते आ रहे है। लेकिन अधिकारियों के द्वारा उसे पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। बरसात का समय होने की वजह से कच्चे रास्ते पर किचड़ ही किचड़ हो जाता है। जिससे ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पढ़ने जाने वाले बच्चों व आमजन को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यदि खाल में पानी निकासी के लिए पाइप रखवा दिया जाए और ग्रेवल डलवा दिया जाए तो बरसात में कुछ राहत मिल सकती। इस मौके पर जिला राजस्व प्रमुख राजेंद्र वर्मा, तहसील मंत्री नेमीचंद लोधा, तहसील उपाध्यक्ष बद्रीलाल लोधा, पप्पू लाल तंवर, रतनलाल लोधा मौजूद रहे।