नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की मासिक कामकाजी बैठक रविवार को होटल क्लब स्काई पार्क में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों तथा पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त और मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने 9 से 15 अगस्त तक होने वाली तिरंगा यात्राओं में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही संत श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ळमदर्- युवा वर्ग तक संगठन की पहुंच बढ़ाना जरूरी है, ताकि युवाओं को पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बूथ डिजिटलीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने और आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर प्रशिक्षण, सक्रियता और नियमित समीक्षा से सुनिश्चित होती है। प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
सांसद सुधीर गुप्ता ने युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण अभियान, प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों में नीमच जिले की सक्रिय सहभागिता का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की कार्ययोजना बनाने की बात कही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने बताया कि जिले में बूथ डिजिटलीकरण का कार्य करीब 80 से 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। बड़ी संख्या में बूथों पर 21 सदस्यीय बूथ समितियों का गठन किया जा चुका है और मतदाता सूची वितरण का कार्य भी शुरू हो गया है।
उन्होंने बताया कि 9 से 15 अगस्त तक जिले के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इनमें वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी शामिल होंगे। प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाने और निर्धारित समय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा उतारने की अपील की गई। यात्राओं में महिलाओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए टोलियां गठित की गई हैं।
बैठक में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा और मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने अपनी-अपनी विधानसभा में तिरंगा यात्रा एवं संत रविदास जयंती के कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू ने किया, जबकि आभार जिला महामंत्री धन सिंह कैथवास ने माना। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।