भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा में उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी की अध्यक्षता में विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने कहा कि कहा विश्व युवा कौशल दिवस हमारे युवाओं के कौशल और क्षमता को पहचानने और उन्हें विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। हमें अपने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। डॉ. रजनी सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा, आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का नई तकनीकों और कौशलों में डिजिटलाइजेशन, संचार कौशल जैसे विभिन्न क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कराया गया। साथ ही कौशल विकास के महत्व और करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने भी अपने सवाल पूछे और सुझाव प्राप्त किए। कार्यक्रम के समापन में प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारीयों का धन्यवाद किया और कहा, हमारे छात्रों में अपार संभावनाएँ हैं। हमें उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की आवश्यकता है, ताकि वे अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग कर सकें। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अलकेश मुवेल के द्वारा किया गया।