इंदौर। शहर कांग्रेस 6 अगस्त को इंदौर में बड़ा आंदोलन करने तैयारी कर रही है। इस आंदोलन में शहर और ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार शहर कांग्रेस 6 अगस्त को महापौर द्वारा भ्रष्टाचार को लेकर कोई कार्रवाई नहीं करने और दो साल की नाकामियों को लेकर नगर निगम पर आंदोलन करेगी।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने शहर का विकास-भ्रष्टाचार का विनाश का संकल्प लेकर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि 6 अगस्त को पूरी कांग्रेस एक साथ नगर निगम पर प्रदर्शन कर घेराव करेगी। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान महापौर का पुतला भी फूंका जाएगा।
चौकसे ने कहा कि नगर निगम में लगातार भ्रष्टाचार की परत दर परत खुलती जा रही है, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव मौन हैं। फर्जी फाइलों की मूल नस्तियां गायब होना, नाला टैपिंग के नाम पर 1 हजार करोड़ रुपया खर्च करने के बाद भी सड़कों का नदी में तब्दील हो जाना, सड़कों का पेच वर्क नहीं होना, रेट झोन में अनावश्यक वृद्धि, अवैध कालोनी को वैध नहीं कर पाना, कुंदन नगर में सडक़ बनाए बिना बिल लगाना, नगर निगम की माली हालत खराब होना, रिमूवल गैंग को सेना की वर्दी पहनाकर हंसी उड़वाना, सराफा चौपाटी की सुरक्षा, स्मार्ट सिटी कंपनी के कामों में अड़चन पैदा करना, पौधारोपण में 5 करोड़ रुपए की राशि इवेंट कंपनी को देना, सत्संग भवन का निर्माण नहीं होना आदि ऐसे कारण है, जिसमें महापौर चुप्पी साधे हुए हैं, वहीं दो साल में उन्होंने कोई ऐसा उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है, जिसको वे बता सकें। इसी को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।