इंदौर। स्वच्छता में आई कमी के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पिछले दिनों अपर आयुक्त के साथ बैठक कर स्वच्छता में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाही के निर्देश दिए थे। वही सफाई को लेकर सड़कों पर उतरकर मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा था।
इसी क्रम में महापौर भार्गव ने निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। गुरुवार को जोन 11 के छोटी ग्वालटोली, मूराई महोल्ला,सरवटे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन रोड़ का निरीक्षण किया। सफाई में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर नाराजगी जताई।
जोन 11 के सीएसआइ हिमांशु गुप्ता को फटकार लगाई। दरोगा को हाजरी मुक्त किया। महापौर ने नाराजगी जाहिर करते हुए कर्मचारियों को सफाई को लेकर गंभीर रहने की हिदायत दी। वहीं गंदगी करनेवाले लोगों पर स्पॉट फाइन के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान सरवटे बस स्टैंड पर भी गंदगी पसरी मिली।
अनुपस्थित कर्मचारियों का कटेगा वेतन
वहीं नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने नायता मुंडला में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली और अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।