नीमच। हर साल बारिश के मौसम में नीमच शहर के टैगोर मार्ग पर जल भराव की समस्या से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। चाहे राहगीर हो, वाहन चालक हो या फिर दुकानदार, सभी लोग परेशान होते है। थोड़ी देर की बारिश में ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। नागरिकों को हो रही इस परेशानी से नगर पालिका भलीभांति वाकिफ है। लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था ना होने से जनता को इस परेशानी से निजात नहीं मिल रही है। विशेष रूप से कमल चौक से फ्रूट मार्केट और फव्वारा चौक तक का नजारा तो किसी तालाब जैसा दिखाई देता है। नगर पालिका के जिम्मेदारों तक यह शिकायत बार-बार पहुंचाने के बावजूद उपाय नहीं किए गए हैं। हालात इतने बदतरीन हो जाते हैं कि बच्चे इस जगह पर बारिश के पानी में तैरते हुए नजर आते हैं। जिसकी वजह से भी दुर्घटना की संभावना पैदा हो जाती है। प्रशासन के लिए भी यह एक चुनौती है। दुकानों में पानी घुस जाता है। बारिश के मौसम में जल भराव ना हो इसके लिए कई तरह की तैयारी के नगर पालिका दावे करती है। लेकिन हकीकत की जमीन पर वह खोखले नजर आते हैं।करीब आधे घंटे की बारिश में कमोबेश यही मंजर नीमच की सड़कों पर नजर आया।