मंदसौर। आयुष विभाग के ’’आयुष आपके द्वार’’ अभियान में मैदानी अमला खुद घर-घर, बस्ती-बस्ती जाकर लोगों को स्वस्थ रहने के तौर-तरीके सीखा रहा है। मौसम जनित बीमारियों से बचाव के नुस्खे बताए जा रहे है और प्रतिरोधी दवाईयां भी वितरित की जा रही है।
पहले बीमार होने पर लोगों को अपना इलाज करवाने के लिए अस्पताल जाना पड़ता था, लेकिन अब आयुष विभाग की एक नवाचार पहल में डाक्टर्स तथा पैरामेडिकल स्टॉफ का अमला आगे बढ़कर मरीजों के घर पहुंच रहा है। जिले के विभिन्न गाँव में पहुंच कर 1092 परिवार के 5717 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा बीमार मिलने पर रोगियों को निःशुल्क औषधियां भी प्रदान की। उन्होंने ग्रामीणों को औषधीय पौधों के गुणो से भी परिचित करवाया।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी आरोग्य केन्द्रों तथा औषधालयों में ’’आयुष आपके द्वार’’ संचालित हो रहा है। अब तक लगभग एक हजार से ज्यादा रोगियों का निःशुल्क परीक्षण कर औषधियां बांटी गई है। लगभग पांच हजार लोगों को रोग प्रतिरोधी दवाईयां भी वितरित की गई है। प्राकृतिक जीवन शैली के साथ औषधीय पौधों तथा योग का महत्व भी बताया जा रहा है।