भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भोपाल का छात्र समागम कार्यक्रम का आयोजन समन्वय भवन, अपेक्स बैंक भवन में मंगलवार को आयोजित किया गया। मंचीय कार्यक्रम के बाद भोपाल महानगर की नवीन कार्यकारिणी गठित की गई। जिसमें शशिकांत पांडे भोपाल महानगर के अध्यक्ष एवं शिवम जाट मंत्री निर्वाचित हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्चशिक्षा, तकनीकी मंत्री इंदर सिंह परमार, विशेष अतिथि अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल और प्रांत मंत्री संदीप वैष्णव मौजूद रहे । मंत्री परमार ने कहा-काम करने के लिए जीवन दृष्टि जरूरी होती है।
मंत्री परमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद में जो जीवन दृष्टि मिलती है, वह जीवन पर्यंत रहती है और राष्ट्र निर्माण एवं समाज उत्थान के समर्पित श्रेष्ठ व्यक्तित्व का सृजन करती है। विद्यार्थी परिषद से जुड़कर व्यक्तिगत जीवन में व्यक्ति, समाज के प्रश्नों का समाधान ढूंढता है। व्यक्तिगत जीवन में भी विद्यार्थी परिषद के संस्कार प्रकट होते हैं। परिषद से समाज एवं लोक कल्याणकारी कार्यों को करने की प्रेरणा भी मिलती है।
राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज अगर कोई भारत के खिलाफ नारा लगाता है या भारत की शक्ति तोड़ने का षड़यंत्र रचता है, तो उसको जवाब देने का कार्य अभाविप का कार्यकर्ता करता है। जब उनसे पूछा जाता है कि देश के साथ खड़े होने का, देश के लिए जीने मरने का साहस कहाँ से मिला, तो अभाविप का कार्यकर्ता कहता है कि ऐसी प्रेरणा हमें विद्यार्थी परिषद से मिली। हम श्नेशन फर्स्टश् एटीट्यूड के आधार पर जीते हैं।
कार्यक्रम में प्रांत मंत्री संदीप वैष्णव ने कहा अभाविप ने जो स्थापना काल में देश का नाम भारत हो यह मांग रखी थी, आज भारत की वास्तविक पहचान पर देशभर में चर्चा प्रारंभ होना अभाविप की सोच का परिणाम है। वर्तमान में विद्यार्थी परिषद कैंपस में छात्रों की घाटी संख्या पर चिंतन मनन करते हुए शैक्षणिक परिसरों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं परिसर को जीवंत बनाने हेतु परिसर चलो अभियान चला रही है।