मनासा। नगर के बद्रीनारायण मंदिर प्रांगण में 95वें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भक्तिभाव एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। हजारों सनातन धर्मावलंबियों की उपस्थिति में भगवान बद्रीनारायण एवं हनुमानजी की आराधना के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बद्रीनारायण एवं हनुमानजी के चित्र पर पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्त अरुण झंवर ने ष्सब मंगलमय कर देते हैं दक्षिण के हनुमान प्रभुष् भजन प्रस्तुत कर बालाजी सरकार के श्रीचरणों में अपनी अर्जी लगाई। वहीं राजकुमार मारु ने ष्वो लाल लंगोटे वाला है, मां अंजनी का लाला है सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
अर्पित शर्मा ने घुमा दे म्हारा बालाजी..., ओम सोनी ने मेरे रघुवर तू ही सहारा है..., कमलेश विजयवर्गीय ने लावणी मनाऊं बद्री द्वारकाधीश... तथा गोपाल राठौर ने म्हारा सांवलिया जी सेठ... जैसे भजनों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं सुरेन्द्र सोनी ने मालवी बोली में भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सत्संग के दौरान देश एवं क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर भगवान से प्रार्थना भी की गई। इसके पश्चात राजकुमार मारु के नेतृत्व में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर बालाजी महाराज के दरबार में अपनी अरदास लगाई। हनुमानजी की आरती एवं अब सौंप दिया इस जीवन का सब भार तुम्हारे हाथों भजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजकों ने बताया कि सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का 96वां आयोजन नगर के श्री रामद्वारा में किया जाएगा।