मनासा। ग्राम भाटखेड़ी स्थित शारदा विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यारंभ संस्कार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजेश पाटीदार, ग्राम सरपंच मनोज पुरोहित, सुनील कारपेंटर, गायत्री परिवार के महेश धनोतिया एवं विवेक अडावदिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ देव पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार सम्पन्न कराया गया तथा सामूहिक जन्मोत्सव भी मनाया गया। समारोह में प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कक्षा 10वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की परंपरा के अनुसार साइकिल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिकाएं आस्था धनोतिया एवं भावना गांधी ने किया। अंत में विद्यालय के डायरेक्टर श्री रामचंद्र पाटीदार ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।