सीहोर। त्रिस्तरीय पंचायतों एवं नगरीय निकायों के रिक्त पदों के उप निर्वाचन के लिए मतदान 11 सितंबर को होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम, मतगणना के लिए की गई व्यवस्था के साथ ही निर्वाचन सामग्री वितरण की कार्यवाही देखी। नगरीय निकायों में सुबह 07 बजे से 05 बजे तक एवं पंचायतों में सुबह 07 बजे से 03 बजे मतदान होगा।
कलेक्टर सिंह ने सीहोर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 30 के रिक्त पार्षद पद के चुनाव के लिए 11 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज से चुनाव सामग्री वितरण की कार्यवाही के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं मतदान दलों से चर्चा की तथा सुगमता से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के पश्चात ईवीएम को रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का बारीकी से निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने 13 सितंबर को होने वाली मतगणना के लिए की गई व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद सिंह राजावत, एसडीएम तन्मय वर्मा तथा डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण सिंह ने शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कालेज में सामग्री वितरण व्यवस्था, स्ट्रांग रूम तथा मतगणना व्यवस्था का जायजा लेने के पश्चात सीहोर नगर के वार्ड क्रमांक 30 के सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए ताकि मतदान करने आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए।