नरसिहंपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव के निर्देश पर प्रदेश के सभी ग्रामीण/ शहरी क्षेत्रों में स्वभाव स्वच्छता- संस्कार स्वच्छता की थीम पर स्वच्छता ही सेवा- 2024 के तहत 14 सितम्बर से एक अक्टूबर 2024 तक अभियान संचालित किया जायेगा। इस संबंध में कलेक्टर शीतला पटले ने सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को स्वच्छता ही सेवा- 2024 के पखवाड़ा कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में निर्देश दिये हैं। इसके अंतर्गत ग्रामों में जनभागीदारी से ग्राम के अधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक स्थानों जैसे बाजार, बस स्टेंड, मंदिर, रेलवे, स्टेशन, पर्यटन स्थल, ऐतिहासिक स्मारक, नदी, घाट, नालियां, नाले आदि स्थानों को प्राथमिकता देते हुए साफ- सफाई की व्यापक गतिविधियां आयोजित की जायेगी। स्वच्छता ही सेवा- 2024 अभियान में तीन मुख्य स्तंभ होंगे, जिसमें स्वच्छता की भागीदारी, श्रमदान के माध्यम से सम्पूर्ण स्वच्छता, जिसमें स्वच्छता लक्षित इकाईयां भी शामिल हैं, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर।
अभियान की पूर्व तैयारी 5 सितम्बर से 12 सितम्बर तक जनपद व ग्राम स्तर के मैदानी अमले से स्वच्छता इकाईयों का चिन्हांकन अर्थात अस्वच्छ स्थानों की पहचान (ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन) उक्त गतिविधि में चिन्हित स्थानों की न केवल साफ- सफाई की जायेगी, बल्कि उन्हें पूर्ण रूप से स्वच्छता के आधार पर परिवर्तित किया जायेगा। जिला एवं जनपद स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री अथवा उनके द्वारा अनुशंसित जनप्रतिनिधि द्वारा किया जायेगा। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से शामिल किया जाये। अभियान में स्थानीय शासकीय/ अशासकीय संस्थाओं, सामुदायिक संगठनों, महिला स्वसहायता समूह, विद्यालयों, आंगनबाड़ी आदि अन्य संस्थाओं के अमले तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि व जनसमुदाय की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाये।
दिये गये निर्देशानुसार कार्यक्रम का क्रियान्वयर कर दिनांकवार की गई गतिविधियों का दस्तावेजीकरण करेंगे। कार्यक्रम के स्वच्छ फोटोग्राफ व वीडियो सोशल मीडिया एवं एसएचएस पोर्टल पर साझा करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला व ब्लॉक स्तरीय समिति का गठन
स्वच्छता ही सेवा- 2024 अभियान के सुचारू योजना और कार्यान्वयन के लिए दिये गये दिशा निर्देशों के तारतम्य में कलेक्टर ने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय समिति का गठन किया है। जिला स्तरीय समिति में कलेक्टर अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा समिति में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, परियोजना अधिकारी ग्रामीण शहरी विकास अभिकरण नरसिंहपुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरसिंहपुर, जिला शिक्षा अधिकारी नरसिंहपुर, महिला बाल विकास अधिकारी नरसिंहपुर, परियोजना प्रबंधक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड नरसिंहपुर, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग नरसिंहपुर, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग नरसिंहपुर, उप संचालक कृषि नरसिंहपुर, परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र नरसिंहपुर, जिला समन्वयक मप्र जनअभियान परिषद नरसिंहपुर और जन सम्पर्क अधिकारी नरसिंहपुर को सदस्य बनाया गया है।
इसी तरह जनपद स्तरीय समिति में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को अध्यक्ष, ग्रामीण निकाय के लिए सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत और शहरी निकाय के लिए सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया है। समिति में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, बीआरसी जन शिक्षा केन्द्र, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सहायक यंत्री जनपद पंचायत नरसिंहपुर, ब्लॉक समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, ब्लॉक प्रबंधक ग्रामीण आजीविका मिशन, ब्लॉक समन्वयक जन अभियान परिषद और ब्लॉक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उक्त समिति शहरी- ग्रामीण अभिसरण के लिए समय सीमा में प्रक्रिया अनुसार अंतर विभागीय समन्वय तथा गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी के साथ- साथ इस अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।