नीमच। जिले के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा झांझरवाड़ा और सोनियाना के बीच रात करीब 8.30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चीताखेड़ा निवासी 47 वर्षीय कन्हैयालाल पिता फूलचंद प्रजापति अपनी हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएन-7522) से नीमच स्थित अशोका इलेक्ट्रिकल में काम समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएस-4685) से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि यदि हादसे के तुरंत बाद उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी। कन्हैयालाल की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं चीताखेड़ा गांव में शोक का माहौल है।
बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किस पक्ष की लापरवाही रही। मृतक के परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।