मंडला। बीते दो दिनों से जारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। बीते 24 घंटे के दौरान 90.22 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मंडला सहित पडोसी जिले डिंडोरी और बालाघाट में भी भारी बारिश हुई है। जिससे मंडला में नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ कर 438.65 मीटर हो गया है। जिससे बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। नगर के निचले क्षेत्र में पानी भरने लगा है। पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड़ में है। कलेक्टर एसपी ने भ्रमण कर नगर के हालात का जायजा लिया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने सभी घाटों और निचली बस्तियों का निरीक्षण किया है। निचली बस्तियों के लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। जिन पुल पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है उन्हें बंद कराया गया है। पुलिस और प्रशासन सतर्क है, एसडीईआरएफ और गोताखोरों की टीम को कंट्रोल रूम में तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील
साथ ही कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले हो रही भारी बारिश और नर्मदा नदी के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने को देखते हुए जिले वासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि नदी में नहाने या पूजन करने के दौरान तेज बहाव में किसी बहने की आशंका को देखते हुए आमजनों से अपील है कि दो दिनों तक सावधानी बरते।
होमगार्ड और पुलिस बल तैनात
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि पानी के खतरे के निशान के ऊपर होने के कारण होमगार्ड और पुलिस बल को तैनात किया गया है, बैरिकेड्स और स्टॉपर लगाए गए है। साथ ही नगर पालिका ने रस्सा पार्टी भी लगाई है। उन्होंने बताया कि नैनपुर से निकलने वाला बालाघाट और सिवनी मार्ग, चाबी-मोहगांव मार्ग बंद हैं। स्थानीय प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों में रहने चेता रही है।