नीमच। पालक महासंघ इकाई नीमच के लोग बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें स्कूल बैग पॉलिसी 2020 को जिले के सभी निजी स्कूलों में लागू करने की मांग की गई है। इस पॉलिसी के लागू नहीं होने से पालकों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पालक और अभिभावक निजी स्कूलों की मनमानी के शिकार हो रहे हैं। निजी स्कूल विद्यार्थियों से अलग-अलग और मनमानी फीस वसूल कर रहे है। इतना ही नहीं स्कूल में किताबों का कोर्स भी एनसीआरटी के अतिरिक्त लागू कर रखा है। जिससे विद्यार्थियों को किताबों का ज्यादा बोझ उठाना पड़ रहा है, साथ ही अभिभावकों को आर्थिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। स्कूली विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
पालक महासंघ मध्य प्रदेश जिला इकाई नीमच ने कलेक्टर से मांग की है कि स्कूल बैग पॉलिसी 2020 को जल्द जिले में लागू किया जाए। प्रशासन सभी स्कूलों की एक समान फीस और किताबों का कोर्स भी निर्धारित करें।