नीमच। शहर के बगीचा नं. 12 में हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत लेकर आज क्षेत्रीय रहवासी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। रहवासियों ने नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा व सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ से चर्चा कर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण की जानकारी दी और जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की। इस पर नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने बताया कि पूर्व में भी अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। कार्रवाई के लिए नपा के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं ने उनके साथ गाली गलौच कर मारपीट की घटना को कारित किया था। इस प्रतिवेदन भी हमने कार्रवाई के लिए थाने में दिया है। जल्द ही संबंधित अतिक्रमणकर्ता के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीएमओ वशिष्ठ ने बताया कि पूर्व में कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे। जहां विरोध के चलते कार्रवाई नहीं की जा सकी। उक्त कार्रवाई के लिए भारी पुलिस बल की आवश्यकता है जो त्योहारों के चलते नहीं मिल पाया था। आगामी दिनों में कठिन से कठिन कार्रवाई की जाएगी।