नीमच। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नीमच रेलवे स्टेशन पर करीब 3 करोड रुपए से अधिक की लागत से सौंदर्यकरण और यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाओं के कार्य द्रुत गति से प्रगति पर है। जिसमें पार्किंग, कवर शेड, क्लब टावर, वेटिंग हॉल, वीआईपी लाउंज आदि काम शामिल है। यह बात रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीणा ने नीमच में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
खेमराज मीणा ने पत्रकारों को बताया कि नीमच-रतलाम दोहरीकरण के कार्य के लिए 1095 करोड़ रुपए का खर्च होगा। जिसका काम चल रहा है। वर्तमान में धौंसवास, नामली, बड़ायला चौरासी के 23 किलोमीटर मार्ग के डबलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने पत्रकारों को जानकारी दी कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रेलवे द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता पखवाड़े का अलग-अलग गतिविधियों के साथ आयोजन हो रहा है। जिसमें एक पेड़ मां के नाम, स्वास्थ्य जांच, पर्यावरण संरक्षण आदि शामिल है।