नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद पी.जी. महाविद्यालय, नीमच में एक दिवसीय भूकंपपूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदाएं कभी भी बिना पूर्व सूचना के आ सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और जन-सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की सफलता का आधार जन-सहयोग और बेहतर लोक प्रबंधन है।
कलेक्टर ने कहा कि आपदा की स्थिति में आमजन का विश्वास बनाए रखना, घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा एम्बुलेंस, जेसीबी, ट्रैक्टर सहित राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोगी संसाधनों का अद्यतन डाटाबेस तैयार रखना आवश्यक है। समय पर संसाधनों की उपलब्धता से राहत कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं।
उन्होंने जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से सुरक्षा ऑडिट एवं प्रदूषण नियंत्रण ऑडिट समय पर कराने तथा शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल ने औद्योगिक इकाइयों में प्रशिक्षित सुरक्षा दल एवं प्रभावी आपातकालीन निकासी योजना तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ष्नशे से दूरी है जरूरी 2.0ष् अभियान की जानकारी देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अपर कलेक्टर बीएस कलेश ने विभागीय समन्वय एवं पूर्व तैयारी के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, आपदा प्रबंधन संस्थान के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह पवार ने बाढ़, भूकंप, चक्रवात, रासायनिक दुर्घटनाओं तथा भोपाल गैस त्रासदी सहित विभिन्न आपदाओं के अध्ययन प्रस्तुत करते हुए आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक बचाव एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन भी किया।
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को भूकंप का इतिहास, भूकंप प्रतिरोधी भवन निर्माण, प्राथमिक उपचार, यात्रा के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव तथा पटाखा फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा उपायों संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, कंपनी कमांडेंट पुष्पा सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।