मंदसौर। जिले में सड़कों, विशेष रूप से हाईवे किनारे संचालित ढाबों की सघन जांच की जाएगी। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश शुक्रवार को सुशासन भवन सभाकक्ष में आयोजित नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थ उन्मूलन अभियान तथा पीएम राहत योजना की समीक्षा बैठक में दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अदिति गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने की। इस दौरान डीएफओ संजय रायखरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर गर्ग ने नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग को विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन से जुड़े वाहनों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाने तथा परिवहन अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किए जाने के निर्देश भी दिए।
पीएम राहत योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले सभी व्यक्तियों की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए तथा उनके मोबाइल नंबर भी अंकित किए जाएं। बैठक में जिले के सर्वाधिक दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर नशा मुक्ति जनजागरूकता पर आधारित पोस्टर का विमोचन भी किया गया।