नीमच। शहर की सड़कों एवं चौराहों पर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे निराश्रित पशुओं के विरुद्ध नगर पालिका परिषद नीमच की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक के नेतृत्व में टीम ने सड़क पर विचरण कर रहे 11 निराश्रित पशुओं को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान पांच पशुओं के मालिक मौके पर पहुंचने पर प्रति पशु एक हजार रुपये के हिसाब से कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि शेष छह पशुओं को केलुखेड़ा स्थित गौशाला भेज दिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बामनिया ने पशुपालकों को चेतावनी दी है कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें। अन्यथा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने के साथ ही बार-बार पशु खुले पाए जाने पर संबंधित पशुपालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।