चित्तौड़गढ़। पूज्य सिंधी पंचायत विकास समिति, चित्तौड़गढ़ एवं झुलेलाल युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रतापनगर सिंधी कॉलोनी स्थित भगवान झुलेलाल मंदिर में सिंधी समाज के प्रमुख धार्मिक पर्व चालिया महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।
झुलेलाल युवा सेवा समिति के अध्यक्ष जेकी आहुजा ने बताया कि चालिया पर्व के अवसर पर मंदिर में आकर्षक झांकी सजाई गई है। इस दौरान भगवान झुलेश्वर महादेव को जगन्नाथ शिव स्वरूप में अलंकृत किया गया। प्रातःकाल ध्वजारोहण, हवन एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
समिति के पूर्व अध्यक्ष कमल चंचलानी ने बताया कि सिंधी समाज का 40 दिवसीय यह प्रमुख धार्मिक पर्व 16 जुलाई से प्रारंभ होकर 24 अगस्त तक चलेगा। मान्यता है कि इसी अवधि में भगवान झुलेलाल, वरुण देव के अवतार के रूप में प्रकट होकर अपने भक्तों के कष्टों का निवारण करते हैं। चालिया पर्व के दौरान प्रतिदिन सायंकाल भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा समाज की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष योगेश भोजवानी, सुरेश चंचलानी, उपाध्यक्ष रवि मलानी, पूर्व अध्यक्ष राजेश तुलसानी, कपिल मलानी, कमल चंचलानी, सतीश विधानी, जीतू वासवानी, बाबू अगनानी, मनोज तुलसानी, सागर नैनानी, आशा आहुजा, शारदा विधानी, ध्रुव आहुजा, पलक चंचलानी, किरण वंगानी, दीक्षा वंगानी, प्राची तुलसानी, वर्षा वंगानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।