नीमच। नगर पालिका अध्यक्ष शहर का प्रथम नागरिक होता है जिसके लिए ऊंच नीच जात पात की भावना से अलग हटकर सभी शहर वासी एक होना चाहिए। लेकिन इससे अलग हटकर नपाध्यक्ष और भाजपा सरकार मूलचंद मार्ग के गरीब बाहुल्य रहवासी के साथ पक्षपात कर रहे हैं। मूलचंद मार्ग से लगे हुए अधिकांश वार्ड में कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधि अंजना राकेश सोनकर, नजमा बी, बतूल बानो और कविता मोनू लोक्स के वार्ड हैं। संभवत इसी कारण से इस वार्ड के रहवासियों के साथ पक्षपात किया जा रहा है। यह बात कांग्रेस समर्थित पार्षद कविता मोनू लॉक्स ने कही।
लोक्स ने कहा कि बीते लंबे समय से मूलचंद मार्ग पर कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ। मूलचंद मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर आधा-आधा फिट के गड्ढे हो रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद मार्ग पर बैरियर नहीं लगाया गया जिसके चलते भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी रहता है। मूल चंद मार्ग पर अधिकांश घर रोड से लगे हुए हैं ऐसे में इन भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की संभावना लगातार बनी रहती है। जब शहर के अन्य मार्गों को उत्कृष्ट मार्ग बनाया जा सकता है तो मूल चंद मार्ग पर को भी उत्कृष्ट मार्ग क्यों नहीं बनाया जा सकता। सड़कों की जर्जर स्थिति के साथ ही मुख्य मार्ग पर लाइट की व्यवस्था भी नहीं है। देर रात्रि में पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है। आए दिन भारी वाहन मार्ग पर खराब होकर पड़े रहते हैं जिसके चलते यातायात बाधित होता है। लोक्स ने कहा कि रहवासियों ने जहां कांग्रेस समर्थित नेताओं को अपना पार्षद बनाया, वहीं नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा है। बदले की भावना से की जा रही राजनीति को छोड नपाध्यक्ष को इस मार्ग और आसपास के रहवासी क्षेत्र के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। लोक्स ने कहा कि जल्द मूलवंद मार्ग पर सुधार कार्य चालू नहीं किया गया तो जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।