बड़वानी। शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में प्राचार्य डॉ. बलराम बघेल के निर्देशन एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ प्रमोद पंडित के मार्गदर्शन में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत द्वितीय दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ स्वच्छता के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई । कार्यक्रम में डॉ. सुनीता सोलंकी द्वारा व्याख्यान दिया गया जिसमें उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा घर के कूड़े-कचरे से जैविक खाद बनाने की विधि बताई । साथ ही उन्होंने बताया कि हमें घर के साथ हमारे महाविद्यालय परिसर को भी स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना है। कार्यक्रम में डॉ. संजय हिरवे ने स्वच्छता के महत्व एवं इस पखवाड़े से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को विद्यार्थियों के साथ साझा किया । उन्होंने महात्मा गांधी की विजन से लेकर वर्ष 2014-19 तक के 5 वर्षीय स्वच्छता कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की । डॉ. हिरवे द्वारा विद्यार्थियों को स्वयं को साफ-स्वच्छ रखकर निरोगी काया के लिए प्रेरित किया गया । कार्यक्रम के अंत में डॉ. रितेश भावसार के द्वारा आभार व्यक्त किया गया । उक्त कार्यक्रम में डॉ. स्मिता यादव, डॉ. लक्ष्मी गोयल, डॉ. धर्मेंद्र सिंह जाटव, आकांक्षा भावसार, गौरव सोनी एवं समस्त महाविद्यालय परिवार शामिल रहा ।