टीकमगढ़। किसानों के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट दफ्तर के बाहर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सोयाबीन, गेहूं सहित अन्य फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसान न्याय यात्रा की जिला प्रभारी रेखा चौधरी ने कहा, ‘किसानों की स्थिति दयनीय होती जा रही है। भारी वर्षा, खाद बीज की कमी से किसानों की फसलें खराब हो गई हैं। सोयाबीन, उड़द, धान सहित अन्य दलहन फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। सरकार उनकी फसलों को 10 वर्ष पुराने भाव से ही आज भी खरीद रही है। किसानों को भारी भरकम बिजली के बिल दिए जा रहे है। बिलों को जमा न करने पर उनके बिजली के मीटर काटने से लेकर उनके मोटर पम्प सहित कृषि सामान जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस की प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने अभद्र टिप्पणी की है। उन्हें आतंकवादी कह कर अपमान किया गया है। जिससे देश भर में कांग्रेस के लोगों में आक्रोश है।
खरगापुर विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर ने कहा कि आज ज्ञापन के माध्यम से किसानों की फसलों का उचित मूल्य दिलाने और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री रघुराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
- किसानों को सोयाबीन का 6000 रुपए प्रति क्विंटल भुगतान किया जाए।
- किसानों की सोयाबीन की फसल पर 40 प्रतिशत की जगह 100 प्रतिशत खरीदी जाए।
- किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल और धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाए।
- केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।