भोपाल। जनजाति कार्य विभाग एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के हाईस्कूल, हायर सेकंडरी स्कूल एवं सभी छात्रावासों में कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान नहीं किए जाने से नाराज मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को भोपाल में आयुक्त जनजाति कार्य विभाग का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने बताया कि कुछ जिलों में मजदूरी मद आवंटन नहीं किए जाने के कारण 9-10 माह से इन कर्मचारियों का समय पर वेतन नहीं मिल रहा है।
शर्मा ने बताया कि संघ ने इस मुद्दे को कई बार उठाया। संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, पर निराकरण करने पर ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण प्रदेशभर में कर्मचारियों को प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने बताया कि भोपाल में सतपुड़ा भवन के सामने प्रदर्शन किया गया, जबकि जिलों में संबंधित कार्यालयों के सामने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। भोपाल में ज्ञापन सौंपने गए कर्मचारियों को आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने भरोसा दिलाया कि मांगों का निराकरण जल्द कराएंगे।
शर्मा ने बताया कि ज्ञापन के पूर्व सतपुड़ा भवन परिसर में प्रदर्शन एवं नारेबाजी की गई, जिसमें भोपाल के सभी विभागीय समितियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिसमें मुख्य रूप से संघ के निर्णय समिति के मार्गदर्शक निहाल सिंह जाट, अध्यक्ष मांगीलाल तमोली, महामंत्री धर्मेंद्र शर्मा, कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष सुधीर भार्गव, शिक्षा समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष पंकज संगत, जिला शाखा अध्यक्ष राम कुंडल सेन, उपप्रांत अध्यक्ष कैलाश लाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।