विदिशा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में विदिशा जिले में खाद्य पदार्थों का परीक्षण कार्य सतत जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्रित कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्यवाही करने के साथ-साथ आम नागरिकों व विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट संबंधी जानकारी प्रदाय की जा रही है।
इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण एम श्रीवास्तव द्वारा मोबाइल फूड टेस्टिंग प्रयोगशाला द्वारा जन जागरण के अंतर्गत अटारी खेजड़ा स्थित संस्कार शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अटारी खेजडा में छात्र-छात्राओं को मिलावट संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही अटारी खेजड़ा स्थित पीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राथमिक खंड के मध्यान भोजन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया जाकर छात्र-छात्राओं को वितरित किए जा रहे भोजन का सैम्पल जांच हेतु संग्रहित किया है। इसके साथ ही मनोरा स्थित दुग्ध शीत केंद्र का निरीक्षण कर दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा बीएमसी केंद्र पर पहुंचने वाले दूध की जांच की गई, उक्त समस्त नमूने जांच हेतु लैब में भेजे जाने की कार्यवाही की है।