विदिशा। प्रधानमंत्री द्वारा 23 सितंबर 2018 से आयुष्मान भारत निरामयम् योजना प्रारंभ की गई थी योजना के 6 वर्ष के संचालन के उपलक्ष्य में 30 सितंबर 2024 तक आयुष्मान आपके द्वारा थीम पर आयुष्मान पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। आयुष्मान पखवाड़ा अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किए जाने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्था को पुरस्कृत किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के सीईओ डॉ योगेश भरसट ने आयुष्मान पखवाड़ा तहत 30 सितंबर 2024 तक विदिशा जिले में कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए हैं।
जारी पत्र में उल्लेख है कि प्रतिदिन कार्यक्रम की थीम अनुसार 21 सितंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम किए जाएं, 22 सितंबर को समस्त स्तरों पर आयुष्मान योजना का प्रचार-प्रसार, 23 सितंबर को आयुष्मान दिवस गतिविधियां, 24 सितंबर को आयुष्मान कार्य स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर, 25 सितंबर को जिला स्तर कार्यशाला व चर्चा सत्र, 26 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर आयुष्मान मेला एवं जांच शिविर, 27 सितंबर को 70 प्लस नागरिकों हेतु आवश्यक कार्य, 28 सितंबर को समस्त स्तर पर मीडिया प्रबंधन, 29 सितंबर को राज्य स्तर पर आयुष्मान दौड़ तथा 30 सितंबर को समारोह एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किए जाएं।