देवास। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश की समस्त उप स्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ वेलनेस सेण्टर में टेलीमेडिसीन सुविधा दी जा रही है। देवास जिले में भी हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर से चिकित्सक/विशेषज्ञ से सीधा संवाद स्थापित कर नागरिक टेली कंसल्टेशन के माध्यम से परामर्श एवं उपचार की सुविधा का लाभ ले रहे है। बागली ब्लॉक के ग्राम बावडीखेडा की सायता विश्राम ने टेलीमेडिसीन सुविधा का लाभ लेकर चिकित्सीय परामर्श लिया और उपचार कराया।
सायता गर्भावस्था के दौरान कुछ समस्या होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर पहुंची जहां ड्यूटी नर्सिंग ऑफीसर सुलेखा हरदाना द्वारा उनकी पूर्व में करायी गयी जांच और सोनोग्रॉफी रिपोर्ट देखी। शासन की महत्वकांक्षी योजना टेलीकंसलटेशन सुविधा अंतर्गत वीडियो काल कर प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इन्दु पाण्डे से बात करवायी और रिपोर्ट देखने के पश्चात चिकित्सकीय परामर्श और उपचार प्रदान किया। टेलीकंसलटेशन सुविधा शासन की महत्वकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से प्रदेश की ग्रामीण जनता को विशेषज्ञ चिकित्सकों के माध्यम से टेलीकंसलटेशन सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।