देवास। शासन की योजना का लाभ पाकर जिले के बेरोजगार युवा रोजगार तो पा रहे हैं साथ ही दूसरे लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं। इन्हीं योजनाओं का लाभ पाने वालों में ग्राम राजौदा निवासी अमन पिता राजेन्द्र भार्गव है, जिन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का लाभ लिया तथा खुद का उद्योग प्रारंभ किया। आज वे दूसरों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के बारे में हितग्राही अमन को विस्तृत जानकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र देवास द्वारा प्रदाय की गयी। ऑनलाईन पोर्टल पर ऋण प्रकरण तैयार कराकर पंजाब नेशनल बैंक शाखा बजरंग नगर देवास में प्रेषित किया गया। पंजाब नेशनल बैंक से द्वारा 05 लाख रूपये का ऋण कृषि यंत्र निर्माण के लिए स्वीकृत किया गया। अमन भार्गव द्वारा अमन एग्रो इन्टरप्राईजेस के नाम से बामनखेडा मक्सी रोड देवास में इकाई संचालित की जा रही है। जिसमें ट्रेक्टर ट्रॉली, कल्टीवेटर एवं अन्य कृषि यंत्र का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 02 अन्य व्यक्तियों को रोजगार भी दिया जा रहा है। उद्योग इकाई के प्रांरभ होने से अमन काफी प्रसन्न है। हितग्राही अमन द्वारा बैंक की किस्त भी नियमित चुकाई जा रही है। आत्मनिर्भर बनने से अमन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद दे रहे है।