शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज पोषण माह की गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी तारतम्य में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी नीलम चौहान ने आंगनवाडी केंद्र सुनेरा क्रमांक 1.2 लक्ष्मीपुरा एवं अभयपुर कुकड़ेश्वर के आंगनवाडी केन्द्रों पर औचक निरीक्षण कर केन्द्रों की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनवाडी केन्द्रों को संपर्क एप्प में वजन लिए बच्चो की प्रविष्टी करने एवं उपरोक्त बच्चो को पोषण युक्त आहार नियमित उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इसी तरह सेक्टर बेरछा में पर्यवेक्षक ममता सौराष्ट्रीय द्वारा विद्यालय में बालिकाओ को एनीमिया के लक्षण एवं उपचार के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही परियोजना अधिकारी भगवती मालवीय के मार्गदर्शन में पर्यवेक्षक ममता परमार के द्वारा आंगनवाडी केन्द्र रायपुर में ईसीसीई को बढावा देने के लिए पारंपरिक खिलौने बच्चो से बनवाए। साथ ही पर्यवेक्षक अमिता माथुर के द्वारा ग्राम बाइहेडा में पोषण माह के साथ अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित कर पोषण व स्वछता की शपथ दिलाई गई। परियोजना अधिकारी नेहा चौहान के मार्गदर्शन में आगनवाड़ी केंद्र कांजा सेक्टर शाजापुर ग्रामीण 02 में पोषण माह अंतर्गत गतिविधि का आयोजन किया गया। पर्यवेक्षक प्रिया गोस्वामी द्वारा गर्भवती महिलाओ को पोषण के बारे में एवं वन स्टॉप सेंटर सहित नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी शक्ति पर विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यवेक्षक संगीता यादव द्वारा महिलाओं को अच्छे खान-पान व स्वास्थ्य के बारे में तथा जन्म के तुरंत बाद बच्चे को स्तनपान करवाने के बारे में बताया गया। पीसीपीएनडीटी के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उदिता योजना अंतर्गत माहवारी के समय स्वच्छता रखने एवं सेनेटरी नेपकिन उपयोग करने के फायदे बताए गए। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं को गर्भावस्था के दौरान बच्चों को दिए जाने वाले संस्कार, गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता अभियान अंतर्गत स्वच्छता रखने के लिए प्रेरित किया गया। उक्त कार्यक्रम में महिला बाल विकास से कार्यकर्ता सहायिका सहित ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थी।