मंदसौर। जिले में पिछले 24 घंटों में कहीं बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग के जानकारों की मानें तो जिले में आगामी 23-24 सितंबर को हल्की बारिश हो सकती है। जिले में अब तक 33 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। वहीं बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिससे लोगों को उमस का एहसास हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि एक सिस्टम गुजरात और राजस्थान के ऊपर है, लेकिन यह स्ट्रॉन्ग नहीं है। इस वजह से बारिश का दौर नहीं रहेगा। कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। 24 सितंबर से नया सिस्टम एक्टिव हो रहा। इसके बाद प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर बन सकता है। जिले में आज सुबह तक ओवरऑल 33.54 इंच (852 मिमी) औसत बारिश दर्ज की गई है। इधर चंबल नदी पर बने गांधी सागर बांध का जलस्तर 1310.49 फीट पहुंच गया है।
जिले में कहां-कितनी बारिश
मंदसौर में 745 मिमी, सीतामऊ में 890 मिमी, सुवासरा में 911 मिमी, गरोठ में 821 मिमी, भानपुरा में 742 मिमी, मल्हारगढ़ में 847 मिमी, धुंधडका में 870 मिमी, शामगढ़ में 1157 मिमी, संजीत में 705 मिमी, कयामपुर में 754 मिमी, भावगढ़ में 923 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
