कटनी। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के मामले मे कटनी जिला प्रथम समूह के टॉप टू जिलों मे शामिल हो गया है। शिकायतों के संतुष्टि पूर्ण निराकरण में जिले ने 47.54 वेटेज स्कोर और कुल 78.74 वेटेज स्कोर हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।
कलेक्टर दिलीप कुमार ने विभागों के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता के साथ परिणामोन्मुखी प्रयास करने के निर्देश दिए है। जिले को अगस्त महीने में प्राप्त 8 हजार 955 शिकायतों में से 78.74 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण किया गया।
बता दें कि पिछली बार राज्य शासन की जारी रैंकिंग में कटनी जिले ने तृतीय स्थान हासिल किया था। जिले ने पिछले बार के अपने प्रदर्शन को सुधार कर इस बार दूसरा स्थान अर्जित किया है। जिले की यह अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की जारी ग्रेडिंग में प्रथम समूह में शामिल 26 जिले में से कटनी जिले के ऊर्जा विभाग को 51.99 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल कर शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण के मामले मे प्रथम स्थान अर्जित करने पर पूरे अमले के कार्यों की सराहना की है।
सीएम हेल्पलाइन के शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में कटनी पुलिस अपने समूह के जिलों मे द्वितीय स्थान पर रहा। कटनी पुलिस ने 85.47 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड हासिल किया और 52.67 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया है।
जबकि जिला पंचायत कटनी को अपने समूह के जिलों में सातवां स्थान हासिल हुआ है। जिला पंचायत ने 84.49 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड अर्जित किया है और 49.61 वेटेज स्कोर के साथ संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया।
वहीं नगर निगम कटनी ने समस्याओं के निपटारे के मामले मे 85.46 वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड अर्जित किया है। नगर निगम द्वारा 47.01 वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण कर 12वां स्थान हासिल किया है।