नीमच। जागरूक रहकर बैंकों से लेनदेन करें तो जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सोशल वेबसाइटों का उपयोग सतर्क होकर करना चाहिए। शासन द्वारा बैंकों के माध्यम से बचत एवं भविष्य के लिए बीमा की अनेक योजनाएं चलाई जा रही है, जिनका लाभ लेने के लिए आपका जागरूक और समझदार होना जरूरी है।
यह बात जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम के प्रमाण पत्र वितरण के दौरान जिला कार्यक्रम समन्वयक वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कही। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों को शासन की विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और उनके लाभ के बारे में बताया साथ ही विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया।
भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोग से 21 सितंबर शनिवार को ग्राम सावन में स्पर्श वेलफेयर सोसाइटी उज्जैन के माध्यम से जमाकर्ता एवं शिक्षा एफसी जागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में लगभग 60-70 लोगों की उपस्थिति रही। जिसमें आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण स्व सहायता समूह की महिलाएं, जन अभियान परिषद के सामाजिक कार्यकर्ता, बीएसडब्ल्यू, एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम एवं बैंकिंग सुविधा व्यवस्था को समझा और सुनिश्चित किया कि वे प्राप्त जानकारी को अन्य लोगों तक साझा करेंगे। साथ ही वर्तमान मे हो रहे सायबर लूट से बचेंगे। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक वीरेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य प्रहलाद भट्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ट्रेनर के तौर पर राजेन्द्र सोनी, समीर मिश्रा, हर्षित शर्मा, सिद्दार्थ सिंह चौहान ने मार्गदर्शन प्रदान किया। उपस्थित समुदाय को वित्तीय समावेशन एवं उससे जुड़ी संपूर्ण जानकारी वीडियो और ऑडियो के माध्यम से दी। जिससे कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं रोचक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, एमएसडब्ल्यू के छात्र विकास शर्मा बडोली, योग शिक्षक परशराम पंडिया, सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर शर्मा, आशीष विश्वकर्मा, राहुल माली सहित अनेक लोग मौजूद थे।