विदिशा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन प्राप्त करने वाले प्रत्येक हितग्राही के ईकेवाईसी किया जाना है।शासन के निर्देशों के पालन में जिला विदिशा अंतर्गत 21 सितंबर से 05 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जायेगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी रश्मि साहू ने बताया कि अभियान अवधि में शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता घर-घर जाकर ई- केवाईसी से शेष हितग्राहियों की ई केवायसी करवायेंगे। ततसंबंध में समस्त विकासखंडों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा विक्रेताओं की बैठक बुलाकर आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। विक्रेताओं को अवकाश के दिनों में भी ई केवायसी का कार्य किये जाने के लिए निर्देशित किया गया है।
राशन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों का ई केवायसी शासकीय उचित मूल्य दुकान की पीओएस मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर किया जाता है। जिले में कुल 651 शासकीय उचित मूल्य दुकानें संचालित है। इन दुकानों से राशन प्राप्त करने वाले कुल पात्र हितग्राहियों की संख्या 11,43,906 जिनमें से 3,86,926 हितग्राहियों के ईकेवाईसी करवाये जाना शेष हैं। जबकि जारी सितम्बर माह में अब तक लगभग 57096 नये हितग्राही राशन वितरण प्रणाली में जोडे गये हैं। इन हितग्राहियों के राशन वितरण के दौरान ई केवायसी किये जाने के लिए समस्त विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है।
जिले की जिन शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेताओं द्वारा अभियान अवधि में ई केवायसी में अपेक्षित प्रगति नहीं की जायेगी उनके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जावेगी। खाद्य विभाग द्वारा राशन प्राप्त करने वाले जिले के समस्त हितग्राहियों से अनुरोध किया गया है कि संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता को ई केवाईसी के कार्य में सहयोग प्रद करें।