बुरहानपुर। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूल्यांकन परीक्षा 22 सितम्बर 2024 को जिले के 418 सामाजिक केन्द्रों में आयोजित रहेगी। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि, यह सामाजिक चेतना केन्द्र शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय प्राथमिक शालाओं में बनाये गये है। इस परीक्षा में कुल 14 हजार 500 नवसाक्षरों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके तहत बुरहानपुर विकासखण्ड के 12 जनशिक्षा केन्द्रों के 238 सामाजिक चेतना केन्द्रों पर 7 हजार 250 परीक्षार्थी शामिल होंगे एवं खकनार विकासखण्ड के 9 जनशिक्षा केन्द्रों के 180 सामाजिक चेतना केन्द्रों पर 7 हजार 250 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि समस्त परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका सह प्रश्नपत्र, नामांकन फॉर्म, बॉलपेन परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध कराये गये है। परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण होेने के फलस्वरूप साक्षरता का प्रमाण-पत्र प्रदाय किया जायेगा। यह परीक्षा प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जायेगी। इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के ऐसे असाक्षर जिनके पास कोई प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं है, जो पूर्व की परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण हुए है या किसी कारणवश वे शाला छोड़ चुके है, जिन्हें अंक ज्ञान, अक्षरज्ञान नहीं है, ऐसे परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हो सकते है। परीक्षार्थी अपने समय अनुसार इस परीक्षा में शामिल हो सकते है। परीक्षा हेतु जिला स्तर पर कलेक्टर भव्या मित्तल के द्वारा मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है, जो आवंटित परीक्षा केन्द्रों का पंचायतवार निरीक्षण कर अनुवीक्षण प्रपत्र जिला कार्यालय में जमा करायेंगे। परीक्षा हेतु विकासखण्ड स्तर पर विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समन्वयक को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो अपने-अपने विकासखण्ड में परीक्षा हेतु जवाबदार रहेंगे। इनके द्वारा विकासखण्ड स्तरीय मॉनिटरिंग दल का गठन किया गया है। परीक्षा संपन्न होने के पश्चात उसी दिन एनआईएलपी एप पर परीक्षाफल की प्रविष्टि की जायेगी। इस कार्य में संकुल प्राचार्य, जनशिक्षक एवं सामाजिक संस्थाएं, अशासकीय संस्थाएं भी अपना सहयोग प्रदान कर रही है।