मंदसौर। लोकल वेदर सिस्टम की वजह से जिले में एक-दो स्थानों पर शनिवार को हल्की बारिश हुई। आज और कल तेज बारिश के आसार नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के जानकारों की तानें तो 24 सितम्बर से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इस नए सिस्टम का सप्ताह भर असर रहेगा। जिले में 24-25 सितम्बर को बारिश का अनुमान है। जिले में अब तक 33 इंच से अधिक औसत बारिश दर्ज हो चुकी है।
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि कल 23 सितंबर से लो प्रेशर एरिया की एक्टिविटी देखने को मिलेगी। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो जाएगा, जो सितंबर के आखिरी सप्ताह तक बना रहेगा। जिले में आज सुबह तक ओवरऑल 33.55 इंच (852 मिमी) औसत बारिश दर्ज की गई है। इधर चंबल नदी पर बने गांधी सागर बांध का जलस्तर 1310.54 फीट पहुंच गया है।
जिले में कहां-कितनी बारिश
मंदसौर में 746 मिमी, सीतामऊ में 898 मिमी, सुवासरा में 911 मिमी, गरोठ में 821 मिमी, भानपुरा में 742 मिमी, मल्हारगढ़ में 847 मिमी, धुंधडका में 870 मिमी, शामगढ़ में 1157 मिमी, संजीत में 705 मिमी, कयामपुर में 754 मिमी व भावगढ़ में 923 मिमी बारिश दर्ज की गई।