आगर मालवा। जिला मुख्यालय पर रविवार को भीम आर्मी (आजाद समाज पार्टी), बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी, ओबीसी महासभा, अनुसूचित जाति और जनजाति एकता महासंघ सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन दिया। आगर की पुरानी कृषि उपज मंडी से रैली कलेक्ट्रेट पहुंची।
जहां डिप्टी कलेक्टर सर्वेश यादव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम पर अनाज खरीदने वाले व्यापारी पर कानूनी कार्रवाई करने, लगभग तीन हेक्टेयर भूमि वाले किसानों का कर्ज माफ करने, किसानों को खाद और कीटनाशक दवाइयां मुक्त उपलब्ध करवाने सहित 6 मांगे रखी गई।
ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।