सीहोर। जिला रोजगार कार्यालय (मॉडल कैरियर सेंटर) द्वारा 23 सितम्बर 2024 को डॉ अम्बेडकर शासकीय महिला आईटीआई सीहोर में प्रात 10.30 बजे से 03 बजे तक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार शिविर में उत्पादन, एनर्जी, फाइनेंस, एवं निर्माण सेक्टर की कंपनियों द्वारा आवेदकों की 725 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में सात्विक सोलर एनर्जी प्रालि के द्वारा 100 मशीन आपरेटर के पदों पर 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई पास 18 से 28 साल के केवल पुरूष आवेदकों को चयन किया जाएगा। जिसमें वेतनमान 13 हजार से 16 हजार रहेगा। अडेक्को इंडिया प्रालि के द्वारा 200 पदों पर 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा एवं आईटीआई पास 18 से 28 साल के पुरूष एवं महिला आवेदकों को मैन्युफैक्चरिंग कम्पनी के लिए चयन किया जाएगा। जिसमें वेतनमान लगभग 19 हजार रहेगा। नवभारत फर्टीलाईजर द्वारा 25 सेल्स एक्जीक्यूटिव के पदों पर 10वीं एवं अधिक के पुरूष आवेदकों का चयन किया जाएगा। जिसमें वेतनमान 10 हजार रहेगा। निर्माण क्षेत्र की एल एण्ड टी कंस्ट्रक्शन कम्पनी द्वारा 5वीं से लेकर 12वीं तक एवं आईटीआई पास और फैल युवाओं को 16 हजार से 17 हजार तक के वेतनमान पर केवल 300 पुरुष आवेदकों को ट्रेनीज के पद पर भर्ती की जाएगी। टाटा गोशन ग्रीन एनर्जी सॉल्यूशन प्रालि के द्वारा ऑपरेशन प्रोडक्शन के लिए 100 पदों पर 18 से 30 साल तक के आईटीआई पास पुरूष एवं महिला आवेदकों का चयन किया जाएगा। जिसमें वेतनमान 13 हजार तक रहेगा। ऐसे आवेदक जो इस रोजगार शिविर में भाग लेना चाहते हैं वह 23 सितंबर को प्रात: 10:30 बजे से 03 बजे के बीच अपना बायोडाटा एवं ऑरिजिनल दस्तावेजों लेकर साक्षात्कार के लिए डॉ अम्बेडकर शासकीय महिला आईटीआई पहुंच सकते हैं।