चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार विधिक सेवा दिवस 2024 के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ एवं सांवलिया बहुउद्देश्यीय दिव्यांग आवासीय विद्यालय चित्तौड़गढ़ के तत्वाधान में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुनील कुमार गोयल द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इसके पश्चात सचिव ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया। सचिव ने समस्त बच्चों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी तथा वार्तालाप के माध्यम से उन्हें प्राधिकरण की विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी। बच्चों द्वारा कबड्डी, कैरम बोर्ड एवं गोला फेंक आदि प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। सचिव ने बच्चों का प्रतियोगिताओं में होंसला वर्धन करते हुए बताया कि विधिक सेवा दिवस 2024 के उपलक्ष्य में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार समस्त जिलों के साथ-साथ चित्तौड़गढ़ जिले में भी विशेष रूप से सक्षम बालकों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन बहुउद्देश्यीय विकलांग सेवा संस्थान के सहयोग से किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य समाज में विशेष रूप से सक्षम बालकों के प्रति विधिक चेतना का प्रचार प्रसार करना है। इसके पश्चात प्रतियोगिताओं का आयोजन संभाग स्तर एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियमानुसार एवं निर्देशानुसार प्रमाण पत्र, मेडल, नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों द्वारा संभाग एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया जाएगा।