विदिशा। स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता थीम पर जिले में सफाई अभियान जारी है। इसी के तहत विदिशा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 पुरानी नगर पालिका के पीछे चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट को साफ-स्वच्छ कर सुंदर बनाने का कार्य किया गया है। नगर पालिका के सफाई मित्रों की टीम द्वारा यहां से एक टन कचरा एकत्रित किया गया है। साथ ही आज रविवार को भी ब्लैक स्पॉट को साफ स्वच्छ करने के अभियान अंतर्गत सफाई मित्रों ने वार्ड क्रमांक एक वाटर वर्क्स रोड स्थित ब्लैक स्पॉट को भी साफ करने का कार्य किया गया है। यहां से करीब 2टन कचरा निकाल कर ट्रैक्टर ट्रालियों व कचरा वाहनों के माध्यम से प्रसंस्करण केंद्र पर निपटान हेतु पहुंचाए जाने की कार्यवाही की गई है।
नगर पालिका सीएमओ बीडी कतरौलिया ने बताया कि आगामी आठ दिवसों में शहर में चिह्नित किए गए ब्लैक स्पॉट को साफ-स्वच्छ कर सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। स्वच्छता जन भागीदारी के अंतर्गत श्रमदान, होम विजिट, विद्यालयों में स्वच्छता संवाद, पौधरोपण व सफाई मित्रों की सुरक्षा की दृष्टि से पीपीई किट का वितरण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।