मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन सभागृह में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई की दौरान आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभा कार्ड बनवाएं। साथ ही सभी विभागों के कर्मचारियों का भी आभा कार्ड बनवाएं। स्वास्थ्य विभाग आभा कार्ड बनाने के लिए आरकेएस से कर्मचारियों का एक दल लगाए। आभा कार्ड कोई कार्ड नहीं है, बल्कि यह एक सुविधा है। जिसमें स्वास्थ्य संबंधी समस्त रिकार्ड उपलब्ध रहते हैं। ओपीडी की पर्ची आभा से स्कैन करके निकाले। बिना उसके कोई भी ओपीडी पर्ची न निकाले। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत राजेश कुमार जैन, वन मंडल अधिकारी संजय रायखेरे, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।
नगर पालिका कुत्तों के काटने से कोई दुर्घटना ना हो, इसके लिए वैज्ञानिक तरीके से काम करें। कुत्तों पर काम करने वाली टीम को प्रशिक्षण प्रदान करें। इसके साथ ही प्रशिक्षण के दौरान में ऐसे लोग जो इस क्षेत्र से जुड़े है, उन लोगों को भी शामिल करें। प्रशिक्षण के पश्चात सिस्टमैटिक कार्य करें। स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत जिन विभागों ने बेहतर काम किया है, उनको 2 अक्टूबर के दिन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पब्लिक पॉइंट के साथ-साथ विभागों में भी साफ सफाई का कार्य बेहतर तरीके से हो। प्रत्येक कार्यालय में महिलाओं के लिए अलग से टॉयलेट बनाएं। प्रत्येक विभाग में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट होना चाहिए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत घरेलू कनेक्शन के उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेकर 1 किलो वाट का सोलर पैनल 60 हजार की लागत में लगवा सकते हैं। जिस पर 30 हजार की सब्सिडी दी जा रही है। इसके लिए पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए ऊर्जा विभाग व्यापक प्रसार करें।