राजगढ़। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले में बिना पंजीयन के संचालित पैथोलॉजी लैब, क्लिनिक, झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा है कि वे बगैर किसी दबाव में आए नियम विरूद्ध संचालित हो रहे ऐसे संस्थानों पर सख्ती से कार्रवाई करें। सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में डेंगू के मामले न आएं, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी सजगता से कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के सफल क्रियान्वयन के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश में 20 से 30 सितंबर 2024 तक ‘आयुष्मान पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े में आयुष्मान भारत योजना के लाभ के प्रति जागरूकता लाने, पात्र व्यक्तियों का कार्ड बनवाने का कार्य किया जायेगा। अभियान में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर विशेष फोकस किया जायेगा।
आयुष्मान पखवाड़ा में जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां भी होंगी। आपके द्वार आयुष्मान अभियान के तहत घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये नामांकन किया जाएगा। पंचायतों और ग्राम सभाओं में सामुदायिक चर्चा और जागरूकता बैठकों का आयोजन होगा। योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले अस्पतालों, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।