खरगोन। पिछले एक सप्ताह से शहर में किसान आंदोलन चल रहे है। भाकिसं, कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा के बाद अब राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने किसानों की मांगों को लेकर हुंकार भरी है। सोमवार को कृषि उपज मंडी में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए किसानों के बीच राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार कक्का ने किसानों को सी2प्लस 50 फार्मूले को लेकर अपनी बात रखी। सभा के बाद किसान पैदल, दो पहिया, चार वाहन के साथ ही ट्रेक्टरों पर सवार होकर रैली के रुप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। करीब 3 किमी लंबी इस रैली में किसानों ने अबकी बार कपास 15 हजार पार, अबकी बार सोयाबीन, गेहूं, मक्का, जवार 6 हजार रुपए पार, अबकी बार किसान सम्मान निधि 24 हजार रुपए पार जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर आवाज बुलंद की। कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कलेक्टर के नाम अलग- अलग मांगों के ज्ञापन सौंपे।