मंदसौर। मध्यप्रदेश में विदाई से पहले मानसून फिर एक्टिव हो गया है। सितंबर में चौथी बार स्ट्रॉन्ग सिस्टम के सक्रिय होने से कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। सिस्टम की वजह से 3 दिन तक मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर बना रहेगा। अगले 24 घंटे में इंदौर-धार सहित एमपी के 8 जिलों में तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में एमपी के झाबुआ, धार, बड़वानी, इंदौर, खरगोन, बैतूल, पांढुर्णा, बालाघाट में तेज बारिश होगी। वहीं ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, गुना, नीमच और मंदसौर में तेज धूप खिली रहेगी। नीमच-मंदसौर जिले के कुछ क्षेत्रों में बादल भी छाएंगे। वहीं भोपाल, उज्जैन, जबलपुर सहित अन्य जिलों में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनेगी।
मंदसौर जिले में कहां कितनी बारिश
जिले में अब तक ओवरऑल 33.59 इंच (85 एमएम) औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। चम्बल नदी पर बने गांधी सागर बांध का जलस्तर भी करीब 1310.59 फीट तक पहुंच गया है। यदि आगामी दिनों में क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होती है तो गांधी सागर बांध के गेट भी खुल सकते हैं।