झाबुआ। स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर आज बाइक रैली निकाली गई और साई मंदिर पर श्रमदान कार्यक्रम किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद झाबुआ द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास क्षमता पाठ्यक्रम के अंतर्गत एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रधानमंत्री एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय झाबुआ से आज स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया।
जिसमें तख्तियों और बैनर के माध्यम से जागरूकता नारे लगाते हुए झाबुआ कॉलेज से राम शरणम होते हुए, राजवाड़ा से होते हुए, कालका माता रोड से डीआरपी लाइन पर स्थित साई मंदिर पर जाकर इस रैली का समापन किया गया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा साई मंदिर के प्रांगण में उग रही खरपतवार को साफ किया गया। लगभग एक घंटा सभी ने श्रम दान किया। इस स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद झाबुआ के जिला समन्वयक भीम सिंह डामोर, ब्लॉक समन्वयक तोलिया डामोर, मेंटर राजेश बैरागी, प्रकाश मेड़ा, विनीता पवार, पवन परमार, अंतिम कलवार आदि उपस्थित रहे। वहीं श्रमदान के पश्चात जिला समन्वयक भीम सिंह डामोर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि आपको अपने ग्राम और देश को स्वच्छ बनाना है और स्वच्छता को अपने स्वभाव में लाना आवश्यक है। आपको लोगों के मन में परिवर्तन लाना होगा। तभी हमारे ग्राम और देश को हम स्वच्छता की आगामी श्रेणी में ला पाएंगे।
इसी कड़ी में आगामी पूरे सप्ताह झाबुआ जिले में स्वच्छता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें नवांकुर, प्रस्फुटन संस्था, मैटर्स एवं छात्र-छात्राएं स्वेच्छा से अपने ग्राम में स्वच्छता हेतु श्रमदान करेंगे।