इंदौर। क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना का युवक-युवती परिचय सम्मेलन 29 दिसंबर को आईटीआई के पास स्थित महाकाल गार्डन पर आयोजित होगा। इसकी कमान महिलाओं के हाथ में होगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई।सोमवार को क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना के पदाधिकारियों की बैठक स्नेहलतागंज स्थित संस्था के कार्यालय पर आयोजित की गई। इसमें सभी पदाधिकारियों के साथ ही महिलाएं और युवतियां भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुई।
सभी व्यवस्थाएं महिलाएं ही संभालेंगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन की कमान महिलाओं के हाथों में दी जाएगी। परिचय सम्मेलन में सभी व्यवस्थाएं महिलाएं ही संभालेंगी। परिचय सम्मेलन के लिए महिलाओं की समितियों का गठन कर सभी को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी है। श्री क्षत्रिय मराठा नवनिर्माण सेना के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रकांत कुंजीर, मिलिंद दीघे और स्वाति मोहिते ने बताया कि नवनिर्माण सेना द्वारा आयोजित इस परिचय सम्मेलन की तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। 29 दिसंबर को होने वाले हाईटेक युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए शहर के साथ-साथ अन्य प्रदेशों की भी प्रविष्टियां प्राप्त होना शुरू हो चुकी है।
सेना के पदाधिकारी कार्यालय स्थल पर भी युवक-युवतियों के फार्म जमा होना शुरू हो चुके हैं। मराठा समाज के उच्च शिक्षित युवक-युवतियों की प्रविष्टियां प्राप्त हो रही हैं। सोमवार को ही बैठक में निर्णय लिया गया कि परिचय सम्मलेन में एक बहुरंगी स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। कई समितियां का गठन होगा। कई समाजजन ने बैठक में सुझाव दिया की परिचय सम्मेलन के साथ सामूहिक विवाह भी आयोजित किया जाए। समाजजन के सुझाव पर भी आयोजन समिति विचार-विमर्श कर निर्णय लेगी।