सिंगोली। तहसील क्षेत्र में बहु प्रतीक्षित बाणदा बांध निर्माण में अवरोध बनी डूब क्षेत्र वासियों के लिए पहले विस्थापन की मांग, लगता है पूरी होने जा रही है। इस बाबत ग्राम बाणदा के पास प्रस्तावित विस्थापितों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण हो रहा है।
इस आशय की जानकारी तब मिली जब सोमवार देर शाम क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने प्रस्तावित आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान विधायक सखलेचा ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
बता दें कि क्षेत्र में किसानों की खुशहाली के लिए तैयार की गई बाणदा बांध परियोजना सालों से लम्बित है। हालांकि अंतिम अवरोध के रूप सामने आई डूब क्षेत्र वासियों की पहले विस्थापन की मांग भी अब पूरी होने जा रही है। ऐसे में कहा जा सकता है कि आवासीय परिसर निर्माण के बाद बांध निर्माण की दिशा में फिर से पहल हो सकती है।