खरगोन। शहर में नगर पालिका अमले द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण मुहिम 6ठे दिन एमजी रोड़ पर कार्रवाई के दौरान विवादों में घिर गई। यहां व्यापारियों ने कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्रतिष्ठान बंद कर कार्रवाई के खिलाफ अपना आक्रोश दर्ज कराया।
व्यापारी श्याम महाजन ने बताया सायबान व्यापारी, बाजार, दुकान की शान होता है। नपा कार्रवाई के नाम पर हद पार कर रही है। ओटले और शायबान तोड़े जा रहे है। ओटले का टैक्स चुका रहे है, यदि अतिक्रमण है तो हम खुद हटवा देंगे, लेकिन ओटले तो ग्राहक के लिए ही है। ग्राहक आकर खड़ा कहां रहेगा। इस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को सभी व्यापारी सुबह 10 से 11 बजे के बीच एकत्रित होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराएंगे।
राजेंद्र सिंह चौहान, सहायक राजस्व अधिकारी ने बताया मंगलवार को श्रीकृष्ण टॉकिज से तालाब चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। एमजी रोड पर व्यापारियों ने विरोध किया था, जिस पर उन्हें समझाईश दी गई है, सभी के साथ एक समान व्यवहार होगा। कार्रवाई के दौरान नाले पर रखी फर्शियां हटवाई गई है, दुकान के बाहर रखा सामान भी जब्त किया है।