खरगोन। वरिष्ठता के साथ पुरानी पेंशन लागू करने, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अधीन ही सही, पदोन्नति शुरू करने और कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्र के समान डीए व महंगाई राहत देने जैसी 25 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाई। नवग्रह मंदिर परिसर में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम जैसे नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली।
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष विजयराय सुनहरे, प्रांतीय सदस्य भारती मालवीय, भारतीय मजदूर संघ जिलाध्यक्ष रंजना सागोरे आदि ने बताया पिछले 7 वर्षों से अधिकारियों/ कर्मचारियों की पदोन्नति रुकी हुई है, जिससे प्रदेश के अधिकारी- कर्मचारियों में निराशा बढऩे से शासकीय कार्याे पर भी इसका विपरित असर पड़ रहा है। सरकार को चाहिए कि इस गंभीर मुद्दें पर संज्ञान लेकर कर्मचारी हित में निर्णय लेकर मांगों का जल्द निराकरण करें।